Labor

होज़े गुइमारांइस ने बताया कि कैसे फ्लाविओ बोल्सोनारो और उनके साथी ब्राज़ीली श्रमिकों की जीत रोकने की कोशिश कर रहे हैं

सरकारी नेता होज़े गुइमारांइस (पीटी) ने सीनेटर फ्लाविओ बोल्सोनारो और उनके साथियों पर आरोप लगाया है कि वे गुप्त रूप से ब्राज़ील की छह दिन काम और एक दिन छुट्टी वाली व्यवस्था को समाप्त करने के प्रस्ताव को रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
मंत्री होज़े गुइमारांइस (पीटी) का दावा है कि सीनेटर फ्लाविओ बोल्सोनारो और उनके रूढ़िवादी सहयोगी गुप्त रूप से इस प्रस्ताव को बाधित करने का प्रयास कर रहे हैं, हालाँकि श्रमिकों के बीच इस नीति की व्यापक लोकप्रियता के कारण वे सार्वजनिक रूप से अपने विरोध को व्यक्त करने से बचते हैं। राष्ट्रपति लूला ने इस सुधार को जीवन की गुणवत्ता के लिए एक ऐतिहासिक जीत बताया है और इसे श्रमिकों के अधिकारों और पुराने दमनकारी ढांचे के बीच एक स्पष्ट रेखा के रूप में पेश किया है। सरकार अवरोधक रणनीतियों पर काबू पाने के लिए एकजुट हो रही है, और गिमारेस ने वादा किया है कि जो सांसद मतदान को रोकेंगे, उनके नाम सार्वजनिक रूप से उजागर किए जाएंगे।

राष्ट्रपति कार्यालय में संस्थागत संबंध मंत्री (एसआरआई), होज़े गुइमारांइस (पीटी-सीई) ने कहा कि सीनेटर फ्लाविओ बोल्सोनारो (पीएल-आरजे) और उनके साथी राष्ट्रीय कांग्रेस में इस समय चर्चा में मौजूद प्रमुख श्रम मुद्दों में से एक, यानी छह दिन काम और एक दिन छुट्टी वाली व्यवस्था को समाप्त करने की प्रगति को रोकने की कोशिश कर रहे हैं। गुइमारांइस के अनुसार, विपक्ष इस बदलाव के विरुद्ध सार्वजनिक बयान देने से बच रहा है क्योंकि उन्हें श्रमिकों के बीच अपना जनसमर्थन खोने का डर है।

राष्ट्रपति लूला (पीटी) की सरकार ने यह सुनिश्चित करने के अपने प्रयास तेज़ कर दिए हैं कि जिन विषयों को प्राथमिकता माना जाता है, उन्हें अगले हफ्ते के गहन विधायी सत्र में मतदान के लिए रखा जाए। इनमें कार्य सप्ताह में कटौती और सार्वजनिक सुरक्षा पर संवैधानिक संशोधन प्रस्ताव (पीईसी) शामिल हैं।

गुइमारांइस के अनुसार, लगभग हर दिन संगठनात्मक बैठकें हो रही हैं। इसका उद्देश्य विपक्ष द्वारा प्रक्रिया में रुकावट डालने के प्रयासों को हराना है, ताकि चुनावी कैलेंडर के कांग्रेस के एजेंडे पर हावी होने से पहले ये प्रस्ताव आगे बढ़ सकें।

गुइमारांइस कहते हैं, "फ्लाविओ बोल्सोनारो और उनका गुट" इसके विरुद्ध है।

सत्तारूढ़ दल के नेता के अनुसार, फ्लाविओ बोल्सोनारो और उनके राजनीतिक समूह के सांसद छह दिन काम और एक दिन छुट्टी वाली व्यवस्था को समाप्त करने के विरुद्ध काम कर रहे हैं, लेकिन वे इसका सार्वजनिक रूप से विरोध जताने से बच रहे हैं।

गुइमारांइस का मानना है कि इसका कारण चुनावी है। काम के घंटों में कटौती के विरुद्ध खुलकर सामने आना बड़ा राजनीतिक नुकसान पहुँचा सकता है, क्योंकि इस मुद्दे को श्रमिकों का व्यापक समर्थन प्राप्त है।

सत्तारूढ़ दल के नेता का तर्क है कि विपक्ष की सार्वजनिक बयानबाज़ी कांग्रेस में उनकी गुप्त गतिविधियों से मेल नहीं खाती।

सरकार रुकावट को हटाने की कोशिश कर रही है

गुइमारांइस ने कहा कि सरकार इस प्रतिरोध को हराने और मतदान सुनिश्चित करने के लिए एकजुट है। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष मतदान को रोकने में सफल होता है, तो वह खुद को "मूर्ख" ही साबित करेगा।

पीटी नेता ने यह भी सुझाव दिया कि इस प्रस्ताव को रोकने की कोई भी कोशिश फ्लाविओ बोल्सोनारो के लिए उल्टी पड़ सकती है, क्योंकि इससे यह उजागर होगा कि कौन से नेता समाज के एक बड़े हिस्से द्वारा मांगे गए बदलाव के विरुद्ध काम कर रहे हैं।

सरकार समर्थित प्रस्ताव में चालीस घंटे के कार्य सप्ताह की वकालत की गई है, जिसमें दो दिन की छुट्टी हो और वेतन में कोई कटौती न हो। यह धीरे-धीरे उस मौजूदा ढांचे की जगह लेगा, जिसके अंतर्गत लाखों ब्राज़ीलवासी छह दिन काम करते हैं और उन्हें केवल एक दिन की छुट्टी मिलती है।

गुइमारांइस ने ज़िम्मेदार लोगों के नाम बताने का वादा किया

सत्तारूढ़ दल के नेता ने यह भी कहा कि अगर रुकावट डालने वाली रणनीतियाँ मतदान को रोकती हैं या टालती हैं, तो पीटी और उनके साथी जनता को स्पष्ट रूप से बता देंगे कि कांग्रेस के कौन से सदस्य इस प्रस्ताव को रोकने के लिए ज़िम्मेदार थे।

सरकार की नज़र में, छह दिन काम और एक दिन छुट्टी वाली व्यवस्था को समाप्त करने की बहस श्रम की दुनिया के लिए दो अलग-अलग नज़रियों के बीच एक स्पष्ट रेखा दिखाती है: एक ओर, काम के घंटे कम करके जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने की कोशिश, और दूसरी ओर, मौजूदा ढांचे को बदलने का विरोध।

यह मुद्दा तब और ज़ोर पकड़ गया जब लूला ने खुद इसकी अगुवाई करना शुरू किया। राष्ट्रपति का कहना है कि श्रमिकों को आराम करने, परिवार के साथ समय बिताने और जीवन का आनंद लेने के लिए अधिक समय चाहिए।

ओमार अज़ीज़ की रिपोर्ट का इंतज़ार

गुइमारांइस के अनुसार, सरकार सीनेटर ओमार अज़ीज़ की रिपोर्ट का भी इंतज़ार कर रही है, जो संविधान और न्याय समिति (सीसीजे) को सौंपी जानी है। उम्मीद है कि यह रिपोर्ट विधायी प्रक्रिया को तेज़ करने और मतदान का रास्ता सुनिष्चित करने में मदद करेगी।

यह प्रस्ताव पहले ही चैंबर ऑफ डेप्युटीज़ से पारित हो चुका है और अब उच्च समिति में आगे बढ़ने पर निर्भर करता है। सरकार को उम्मीद है कि यह चरण अगले हफ्ते तक पूरा हो जाएगा।

ये प्रयास लूला की चैंबर ऑफ डेप्युटीज़ के अध्यक्ष ह्यूगो मोत्ता और सीनेट के अध्यक्ष दावी आल्कोलुम्ब्रे के साथ सीधी मुलाक़ात के बाद हो रहे हैं, जिसमें देश के लिए प्राथमिकता माने जाने वाले एजेंडा विषयों पर चर्चा हुई।

छह दिन काम और एक दिन छुट्टी वाली व्यवस्था समाप्त करना लूला के प्रमुख उद्देश्यों में से एक बन गया है

लूला ने छह दिन काम और एक दिन छुट्टी वाली व्यवस्था को समाप्त करने को "ब्राज़ीली समाज के लिए बड़ी दिलचस्पी का मुद्दा" बताया है, और वह इस बदलाव को हकीकत बनाने के लिए बातचीत में अपनी व्यक्तिगत भागीदारी बढ़ाते जा रहे हैं।

गुरुवार को, राष्ट्रपति ने सामाजिक संचार माध्यम पर इस विषय पर फिर से बात की और कहा कि यह कदम ब्राज़ीलवासियों के जीवन में एक ऐतिहासिक बदलाव लाएगा।

लूला ने कहा, "छह दिन काम और एक दिन छुट्टी वाली व्यवस्था का अंत श्रमिकों के लिए एक ऐतिहासिक जीत होगी। इसका मतलब है आराम करने, परिवार की देखभाल करने और जीवन जीने के लिए अधिक समय मिलेगा"।

यह घोषणा सरकार की इस मंशा को और मज़बूत करती है कि काम के घंटों में कटौती को अपनी प्रमुख सामाजिक प्राथमिकताओं में से एक बनाया जाए।

गुइमारांइस के अनुसार, मतदान रोकने की कोशिश फ्लाविओ बोल्सोनारो और उनके साथियों को राजनीतिक रूप से भारी नुकसान पहुँचा सकती है। अगर रुकावट डाली गई, तो सरकार इस बहस को सीधे जनता के सामने ले जाने और यह उजागर करने का इरादा रखती है कि किसने इसे पारित कराने के लिए काम किया और किसने उस बदलाव को रोकने की कोशिश की, जो लाखों ब्राज़ीली श्रमिकों के लिए अधिक अवकाश का समय और बेहतर जीवन की गुणवत्ता ला सकता था।

Available in
Portuguese (Brazil)EnglishSpanishGermanFrenchItalian (Standard)TurkishArabicHindiRussian
Translators
Kabir Ahlawat and ProZ Pro Bono
Date
21.09.2026
Source
Brasil 247Original article🔗
श्रमराजनीति
Progressive
International
Privacy PolicyManage CookiesContribution SettingsJobs
Site and identity: Common Knowledge & Robbie Blundell