Housing and Land Rights

बोगोटा में शिखर सम्मेलन: 1,500 से अधिक लोगों ने शहरी सुधार और शहर के अधिकार पर चर्चा की

कोलंबिया के सामाजिक संगठनों ने आवास के अधिकार, पर्यावरणीय न्याय और शहर के जन-केंद्रित मॉडल की मांग को लेकर बोगोटा में राष्ट्रीय शहरी शिखर सम्मेलन और विरोध प्रदर्शन आयोजित किया।
24 से 26 अक्टूबर 2026 तक कोलंबिया के 12 से अधिक शहरों के 1,500 से अधिक लोग बोगोटा स्थित फ्रांसिस्को जोस दे काल्दास डिस्ट्रिक्ट यूनिवर्सिटी के माकरेना परिसर में एकत्र हुए। वे दूसरे राष्ट्रीय जन शिखर सम्मेलन 2.0 में शामिल हुए, जिसका विषय था: ‘शहर किसके लिए?’ इस सम्मेलन का उद्देश्य इस बात पर चर्चा करना था कि शहरों के संबंध में निर्णय कौन लेता है, शहरी संकट से निपटने के लिए प्रस्ताव तैयार करना और सम्मानजनक जीवन के लिए जमीनी स्तर पर चल रहे संघर्षों के बीच समन्वय स्थापित करना।

सोमवार, 26 अक्टूबर को प्रतिभागी "शहर अबेलार्दो के खिलाफ, बोगोटा गालान के खिलाफ" प्रदर्शन में शामिल हुए, जिसमें लोगों के जीवन, आवास, पर्यावरण, सुरक्षा और भू-क्षेत्रों को प्रभावित करने वाली नीतियों के विरोध में जनता की माँगें सड़कों पर उठाई गईं। इसी दिन सुबह 9:30 बजे शहरी मुद्दों से जुड़े प्रमुख सामाजिक संगठनों और नेताओं ने बोगोटा में डिस्ट्रिक्ट यूनिवर्सिटी के माकरेना परिसर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

इस सम्मेलन के आयोजकों का कहना है कि मौजूदा स्थिति की विशेषता आवास की कमी, बेदखली और शहरों में मानवीय आपातकाल, भूकंप के कारण समुदायों की जीवन स्थितियों पर पड़ने वाले प्रभाव, जेंट्रीफिकेशन  (संपन्न वर्गों के आने से गरीबों का विस्थापन) के विस्तार और गहराते पर्यावरणीय संकट से है।

सम्मेलन का समर्थन करने वाले सामाजिक नेताओं ने कहा, “हम अपने अनुभव साझा करने, प्रस्ताव तैयार करने और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए एकजुट होंगे। हमारा मुख्य उद्देश्य व्यापक और जन-केंद्रित शहरी सुधार को आगे बढ़ाना है। यह जमीनी स्तर पर विकसित किया गया एक ऐसा एजेंडा है, जिसका मकसद शहर पर अधिकार, सम्मानजनक और पर्याप्त आवास, पर्यावरणीय न्याय तथा समुदायों को अपने वर्तमान और भविष्य के बारे में निर्णय लेने का अधिकार सुनिश्चित करना है।”

संगठनों का कहना है कि शहर के मॉडल और शहरी संकट से निपटने के उपायों पर चल रही बहस के बीच समुदाय एकजुट होकर यह प्रदर्शित करेंगे कि संगठन, एकजुटता और जनशक्ति पर आधारित विकल्प मौजूद हैं।

शहर पूंजी के लिए, जनता के लिए नहीं

शहरों में लोगों को प्रभावित करने वाली गंभीर समस्याओं के बारे में प्रवक्ता जुलियाना रामिरेज़ ने बताया:

“शहर ऐसे स्थान हैं जहां उत्पीड़न के विभिन्न रूप एक साथ मौजूद हैं, क्योंकि वे पूंजीवाद के पसंदीदा क्षेत्र भी हैं। ऐसा इसलिए है कि शहर का यह मॉडल, जो शोषण और बेदखली पर आधारित है, इन्हीं स्थानों पर पुनरुत्पादित होता है। उदाहरण के लिए, इनमें से कुछ समस्याएं आवास की कमी से जुड़ी हैं। इसका सीधा अर्थ यह है कि वर्तमान में लाखों परिवारों के पास सम्मानजनक आवास उपलब्ध नहीं है।”

आंकड़े इस संकट की गंभीरता को उजागर करते हैं: देश में 48 से 52 लाख परिवारों के पास आवास नहीं है, जो कोलंबिया के कुल परिवारों का लगभग 31 प्रतिशत है। इसके अलावा, 73 लाख लोग आवासीय अभाव की परिस्थितियों में जीवन बिता रहे हैं। इसका अर्थ है कि वे ऐसे मकानों में रहते हैं जिनकी संरचनात्मक स्थिति खराब है, जिनमें घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल हुआ है और जहां सार्वजनिक सेवाओं तक पहुंच सीमित है।

इसके अलावा, सबसे कम आय वाले 10 प्रतिशत परिवार अपनी मासिक आय का 50 प्रतिशत तक किराए पर खर्च करते हैं। इस स्थिति को और गंभीर बनाता है यह तथ्य कि पिछले एक वर्ष में सामाजिक आवासों की खरीद में 36 प्रतिशत की गिरावट आई है। इससे स्पष्ट होता है कि लोगों के लिए अपना घर खरीदना लगातार कठिन होता जा रहा है।

इस शिखर सम्मेलन की शुरुआत कैसे हुई?

सितंबर 2025 में आयोजित पहले शिखर सम्मेलन से पहले, जिसमें देश के दस से अधिक शहरों के लगभग 3,000 लोगों ने हिस्सा लिया था, कई बैठकें, सामुदायिक श्रम अभियान, मंच और विषयगत उत्सव आयोजित किए गए थे। इनका केंद्र विभिन्न सामाजिक मांगें थीं, जो पूंजी के हितों के अनुरूप बनाए गए शहर के मॉडल को चुनौती देती हैं।

इस वर्ष जून में आयोजन दल ने मौजूदा परिस्थितियों का विश्लेषण करने, अभियान का एजेंडा तैयार करने, अपने प्रतिनिधियों के कामकाज का मूल्यांकन और उनका चुनाव करने तथा सामूहिक रूप से निर्णय लेने की प्रक्रियाएं निर्धारित करने के लिए बैठक की। उन्होंने राजनीतिक माहौल का भी विश्लेषण किया, अभियान के एजेंडे पर सुझाव दिए और कलात्मक प्रस्तुतियां आयोजित कीं।

शिखर सम्मेलन का कार्यक्रम

तीन दिवसीय शिखर सम्मेलन के दौरान विचार-विमर्श, संगठनों के बीच बैठकें, कार्यशालाएं, सांस्कृतिक गतिविधियां और सामूहिक रूप से प्रस्ताव तैयार करने के अवसर उपलब्ध थे। इस आयोजन ने उन लोगों की बातें सीधे सुनने का अवसर भी प्रदान किया, जो अपने घरों, भू-क्षेत्रों और आजीविका के साधनों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। साथ ही, कोलंबिया के शहरों के सामने मौजूद प्रमुख चुनौतियों से निपटने के लिए काम कर रही पहलों के बारे में जानने का अवसर भी मिला।

सोमवार, 26 तारीख को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस ने राष्ट्रीय स्तर के प्रतिनिधियों के साथ संवाद का मंच प्रदान किया। इसके माध्यम से सम्मेलन से निकले प्रमुख निष्कर्षों और प्रस्तावों को जानने तथा शहर पर अधिकार की रक्षा के लिए समुदायों को लामबंद होने के लिए प्रेरित करने वाले राजनीतिक कारणों पर चर्चा करने का अवसर मिला।

Available in
SpanishEnglishPortuguese (Brazil)GermanFrenchItalian (Standard)ArabicHindiBengaliRussian
Translators
Mubashar Islam and ProZ Pro Bono
Date
04.11.2026
Source
Colombia InformaOriginal article🔗
Progressive
International
Privacy PolicyManage CookiesContribution SettingsJobs
Site and identity: Common Knowledge & Robbie Blundell