Democracy

क्या इक्वाडोर अब भी एक लोकतंत्र है?

नवंबर में होने वाले चुनावों से विपक्षी दल को बाहर रखने के बाद, डैनियल नोबोआ की धुर दक्षिणपंथी सरकार ने उसकी नेता लुइसा गोंज़ालेज़ को गिरफ्तार कर लिया है। इससे लोकतंत्र और तानाशाही के बीच की रेखा धुँधली होती जा रही है।
इक्वाडोर के राष्ट्रपति डैनियल नोबोआ ने लोकतांत्रिक संस्थाओं में घुसपैठ करके अभियोजन कार्यालय को कार्यपालिका के अधीन कर लिया है। यह अधिनायकवाद के उस नए क्षेत्रीय मॉडल का प्रतिबिंब है, जिसमें सैन्य तानाशाही की जगह न्यायिक दमन ने ले ली है। अपराध, बिजली कटौती, दवाओं की कमी और जेलों में नरसंहार की घटनाओं के बीच स्थानीय चुनाव नज़दीक आ रहे हैं। लेख चेतावनी देता है कि वामपंथ को चुनावी प्रक्रिया से बाहर रखना इक्वाडोर को राजनीतिक हिंसा की ओर धकेल सकता है। इसके प्रतिरोध के लिए क़ानूनी रास्तों से निपटना और देश की विरोध-संस्कृति को फिर से जगाना, दोनों ज़रूरी होंगे।

“अगर मैं आपसे यह कहूँ कि कल मैंने इस आशंका से दरवाज़े पर दोहरे ताले नहीं लगाए थे कि कहीं वे आधी रात को आकर हमें उठा न ले जाएँ, तो मैं आपसे झूठ बोलूँगी।”

ये शब्द इक्वाडोर की नेशनल असेंबली की सदस्य जाहिरेन नोरेगा के थे। उन्होंने ये बातें लुइसा गोंज़ालेज़ की हिरासत के अगले दिन कहीं। 

गोंज़ालेज़ पिछले दो राष्ट्रीय चुनावों में Movimiento Revolución Ciudadana (नागरिक क्रांति आंदोलन) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार रही हैं और आज देश में विपक्ष का सबसे प्रमुख चेहरा हैं।

इक्वाडोर में जहाँ शक्तियों का पृथक्करण अब बचा  नहीं  है, वहाँ राष्ट्रपति डैनियल नोबोआ की धुर दक्षिणपंथी सरकार द्वारा कानून के दुरुपयोग (लॉफ़ेयर) के ज़रिये राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने की रणनीति ने लोकतंत्र और तानाशाही के बीच की सीमा को धुँधला कर दिया है। पूर्व समाजवादी राष्ट्रपति राफ़ाएल कोरेआ के साथ राजनीतिक रूप से जुड़ी पार्टी Movimiento Revolución Ciudadana के सदस्यों के लिए राजनीतिक उत्पीड़न कोई नई बात नहीं है। पूरे लैटिन अमेरिका में वामपंथी नेता और सामाजिक आंदोलन इस रणनीति को निश्चित रूप से पहचान लेंगे। लेकिन पिछले गुरुवार को गोंज़ालेज़ की गिरफ्तारी नोबोआ द्वारा अपने विरोधियों को निशाना बनाने के लिए न्यायपालिका के निर्भीक इस्तेमाल में एक चौंकाने वाली बढ़ोतरी को दर्शाती है। इक्वाडोर जैसे देश में, जिसका विरोध-प्रदर्शनों का समृद्ध इतिहास रहा है, लेकिन जो नोबोआ के पूरे राष्ट्रपति कार्यकाल में असामान्य रूप से शांत रहा है, वामपंथ के सामने अब तक की सबसे बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

भ्रष्टाचार के फर्जी आरोप

गोंज़ालेज़ को 2023 में राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए उनके अभियान के वित्तपोषण में कथित अनियमितताओं के आरोप में हिरासत में लिया गया। इस मामले को Caso Laberinto (भूलभुलैया मामला) कहा जा रहा है। सरकार का दावा है कि इसमें धनशोधन का एक जटिल जाल शामिल है। लेकिन वास्तव में यह पहले से निपटाए जा चुके एक पुराने मामले Caso Caja Chica को दोबारा खोलने का प्रयास है। वह मामला तब बंद कर दिया गया था जब नोबोआ की सरकार यह साबित करने में विफल रही कि गोंज़ालेज़ के चुनावी अभियान को मिले चंदे का संबंध Cartel de Los Soles नामक संगठन से था। यह एक ऐसा संगठन है जिसके अस्तित्व पर ही सवाल उठाए जाते रहे हैं। सरकार के इस हास्यास्पद आरोप का कोई आधार साबित नहीं हो सका और अंततः मामले में केवल जुर्माना लगाया गया, जिसे इक्वाडोर में चुनाव संबंधी न्याय का संचालन करने वाली विशेष संस्था Tribunal Contencioso Electoral (चुनावी विवाद न्यायाधिकरण) में जमा कर दिया गया।

गोंज़ालेज़ और ऐसे संगठन के बीच संबंध स्थापित करने में नाकाम रहने के बाद, जिसका अस्तित्व तक संदिग्ध है, लोक अभियोजन कार्यालय अब बेशर्मी से दावा कर रहा है कि अदालतों ने पहले गलत फैसला सुनाया था: वास्तव में धनशोधन हुआ था और इसमें इक्वाडोर के सबसे बड़े शहर ग्वायाकिल के मेयर आकिलेस आल्वारेज़ भी शामिल हैं। आल्वारेज़ भी Revolución Ciudadana के सदस्य हैं। उन्हें फरवरी में Caso Goleada (गोलियादा मामला) के तहत हिरासत में लिया गया था। यह एक हास्यास्पद मामला है, जिसमें उन पर अवैध रूप से मुनाफ़ा कमाने के लिए एक कारोबारी ढाँचा खड़ा करने का आरोप लगाया गया था। वे अब भी जेल में हैं।

गोंज़ालेज़ की गिरफ्तारी पर तत्काल प्रतिक्रिया देखने को मिली। कोरेआ, जो स्वैच्छिक निर्वासन में रहते हैं और जिन्हें बेल्जियम में शरण मिली हुई है, प्रतिक्रिया देने वालों में सबसे पहले थे। उन्होंने कहा: “इक्वाडोर में वास्तव में तानाशाही कायम है। यह संविधान और मानवाधिकारों का सम्मान नहीं करती।” उन्होंने गिरफ्तारी के समय पर भी सवाल उठाया, क्योंकि इक्वाडोर के नागरिक नवंबर में स्थानीय चुनावों के लिए मतदान करने वाले हैं। Caso Caja Chica की जाँच के समय ही विपक्ष को चुनावों से बाहर कर दिया गया था। नवंबर के चुनाव बढ़ते अपराध, देश भर में नियमित बिजली कटौती वाले ऊर्जा संकट, बदहाल होते अस्पतालों में दवाओं की भारी कमी और जेलों में बार-बार होने वाले नरसंहारों के बीच होंगे।

इक्वाडोर के पत्रकार और लेखक ऑरलांडो पेरेज़ ने कहा, “जब भी उन्हें किसी संकट से बाहर निकलने की ज़रूरत होती है, वे हमेशा इस तरह का तमाशा खड़ा कर देते हैं।”

गोंज़ालेज़ की जगह Movimiento Revolución Ciudadana की अध्यक्ष बनीं गैब्रिएला रिवादेनेइरा ने भी तुरंत प्रतिक्रिया दी और उनकी गिरफ्तारी को “अपहरण” करार दिया। इस बीच, असेंबली सदस्य ज़ेवियर लास्सो ने चेतावनी दी कि निशाने पर केवल कोरेआ समर्थक ही नहीं हैं, बल्कि डॉक्टर, छात्र, आदिवासी लोग, कारोबारी और पत्रकार भी हैं।

एक गंदे अभियान का हथियार

आल्वारेज़ के वकील जूलियो सेसर कुएवा को इसमें एक जानी-पहचानी रणनीति दिखाई देती है। गोंज़ालेज़ की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने कहा, “हैरानी की बात है कि अभियोजन कार्यालय की यह बुरी आदत है कि वह पहले मामलों को मीडिया का तमाशा बना देता है— लोगों को गिरफ़्तार करो, उन्हें बर्बाद करो, सार्वजनिक रूप से तबाह करो —और उसके बाद उन लोगों को पता चलता है कि उन पर आखिर आरोप क्या लगाए गए हैं।” उन्होंने आगे कहा कि अभियोजन कार्यालय के पास अक्सर “मीडिया के लिए एक मामला और न्यायाधीशों के लिए दूसरा मामला” होता है।

गोंज़ालेज़ और आल्वारेज़ नोबोआ के राजनीतिक उत्पीड़न के अकेले उदाहरण नहीं हैं। राष्ट्रपति की सबसे बड़ी ट्रॉफी जॉर्ज ग्लास हैं, जो कोरेआ के कार्यकाल में इक्वाडोर के उपराष्ट्रपति थे। ग्लास पर Caso Reconstrucción de Manabí (मनाबी पुनर्निर्माण मामला) के तहत भूकंप से उत्पन्न आपातकालीन स्थिति से संबंधित सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया था। उन्हें मेक्सिको में शरण दी गई थी, लेकिन किसी फ़िल्म के दृश्य जैसी घटना में और अंतरराष्ट्रीय कानून का खुलेआम उल्लंघन करते हुए, पुलिस ने आधी रात को इक्वाडोर स्थित मेक्सिकी दूतावास में घुसकर उनका अपहरण कर लिया।

उन्हें अधिकतम सुरक्षा वाली जेल Cárcel del Encuentro में रखा गया है। उनकी कैद की परिस्थितियों को व्यवस्थित यातना का रूप बताया गया है। उनके बचाव पक्ष का कहना है कि उन्हें पर्याप्त पानी तक पहुँच से वंचित रखा जा रहा है, उनकी मांसपेशियों का वज़न काफ़ी कम हो गया है, उन्हें बार-बार भूखा रहना पड़ता है, गैर-चिकित्सकीय कर्मचारियों द्वारा दवाएँ दी जाती हैं और उनमें कुपोषण के स्पष्ट लक्षण दिखाई दे रहे हैं।

कोरेआ ने चेतावनी दी, “वे गोंज़ालेज़ को ज़िंदा दफ़ना देंगे। ठीक वैसे ही, जैसे उन्होंने आकिलेस आल्वारेज़ और जॉर्ज ग्लास के साथ किया है।”

हाल के हमले कई सवाल खड़े करते हैं। क्या नोबोआ इसलिए गोंज़ालेज़ को निशाना बना रहे हैं क्योंकि उन्होंने राष्ट्रपति के पारिवारिक कारोबारी प्रतिष्ठान से भेजे जाने वाले उन फलों की खेपों का पर्दाफ़ाश किया था, जिनका इस्तेमाल कोकीन की तस्करी के लिए किया जाता था? नोबोआ की अपनी पार्टी से जुड़े चुनावी अभियान के वित्तपोषण में पाई गई गड़बड़ियों की जाँच कहाँ है? नोबोआ के मंत्रियों में से एक, होसे हूलियो नेइरा, Caso Laberinto के बारे में विस्तृत वीडियो क्यों पोस्ट कर रहे हैं? शक्तियों का पृथक्करण कहाँ है? अंतरराष्ट्रीय समुदाय कहाँ है?

ये सवाल बेशक काफ़ी हद तक अलंकारिक हैं। लैटिन अमेरिका में सैन्य तानाशाही का वह दौर अब बहुत पीछे छूट चुका है, जब धुर दक्षिणपंथी ताकतें सड़कों पर सैनिक उतारकर अपना नियंत्रण स्थापित करती थीं। जैसा कि नोबोआ दिखा रहे हैं, आज के अधिनायकवादियों को बस किसी देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं में घुसपैठ करनी होती है और यह सुनिश्चित करना होता है कि लोक अभियोजन कार्यालय कार्यपालिका के प्रति जवाबदेह रहे।

कोलंबिया के राष्ट्रीय विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय राजनीति के वैज्ञानिक, प्राध्यापक और शोधकर्ता अलेक्ज़ेंडर मैड्रिगाल कहते हैं, “तख़्तापलटों और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर हमलों की एक नई पीढ़ी आ गई है।”

इक्वाडोर में आगे क्या?

इक्वाडोर में वास्तव में एक भूलभुलैया मौजूद है, लेकिन वह नहीं जिसकी बात नोबोआ करते हैं। यह तो अदालतों, मुख्यधारा के मीडिया और धुर दक्षिणपंथ द्वारा खड़ी की गई हिंसा का एक ऐसा जाल है, जिससे वामपंथी उम्मीदवारों को चुनावी सफलता हासिल करने के लिए होकर गुज़रना होगा। वामपंथ को मतपेटी के ज़रिये जीतने से रोककर नोबोआ की सरकार ऐसी परिस्थितियाँ पैदा कर रही है, जिनसे गुरिल्ला समूह जन्म लेते हैं। अगर इक्वाडोर को उस ख़तरनाक रास्ते से बचना है, तो वामपंथ को उन लोकतांत्रिक संस्थाओं के बीच से रास्ता निकालना होगा जिन पर नोबोआ सरकार का क़ब्ज़ा बढ़ता जा रहा है। इक्वाडोर की सशक्त विरोध-प्रदर्शन संस्कृति को फिर से जीवित किए बिना ऐसे भविष्य की कल्पना करना कठिन है। हालाँकि, इसकी संभावना से इनकार भी नहीं किया जा सकता, क्योंकि हो सकता है कि नोबोआ ने अंततः अपनी हद पार कर दी हो।

आगे का रास्ता कमज़ोर दिल वालों के लिए नहीं है। आज इक्वाडोर का धुर दक्षिणपंथ वामपंथी नेताओं को परेशान करने और जेल में डालने के लिए अदालतों का इस्तेमाल करने तथा विपक्ष को सीधे चुनावों से बाहर करने में संतुष्ट है। इस पृष्ठभूमि में असेंबली सदस्य नोरेगा, Movimiento Revolucion Ciudadana की सदस्य, से प्रेरणा ली जा सकती है, जिन्होंने अपने दरवाज़े पर दोहरे ताले लगाए थे।

उन्होंने कहा, “हमें आगे बढ़ते रहना होगा। हमें दृढ़ता और साहस के साथ आगे बढ़ते रहना होगा। मुझे नहीं लगता कि इस देश को अब और शहीदों की ज़रूरत है।”

कार्लो कैम्पो टोरंटो में रहने वाले लेखक और पत्रकार हैं। उनका लेखन लैटिन अमेरिकी राजनीति पर केंद्रित है।

Available in
EnglishSpanishPortuguese (Brazil)GermanFrenchItalian (Standard)TurkishArabicHindiBengaliRussian
Author
Carlo Campo
Translators
Mubashar Islam and ProZ Pro Bono
Date
18.11.2026
Source
JacobinOriginal article🔗
Progressive
International
Privacy PolicyManage CookiesContribution SettingsJobs
Site and identity: Common Knowledge & Robbie Blundell